Monday, September 27, 2010

रूस में हिंदी



भारतीय राजभाषा हिंदी की महत्ता अब लगता है कि पूरी दुनिया की समझ में आ
रही है तभी तो दुनिया के विभिन्न देशों में रहने वाले बहुत सारे भारतीय
मूल से इतर लोग भी अब हिंदी को बहुत सम्मान देने लगे हैं. रूस हमारा बहुत
पुराना  सहयोगी रहा है और हम पर हिंदी के प्रचार प्रसार के लिए  दोनों
देशों की सरकारें बहुत प्रयास किया करती हैं. जिस तरह से पूरी दुनिया से
हिंदी दिवस या हिंदी दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम मनाये जाने के समाचार आते
हैं तो वे देश में एक नए उत्साह का संचार करने वाले होते हैं. भाषा कभी
भी विकास की सीढ़़ी में बाधा नहीं होती वरन् वह तो विकास का एक आयाम होती
है फिर भी देशों और क्षेत्रों में भाषा के नाम पर झगड़े होते ही रहते
हैं.
          आज हिंदी जिस तरह से सारी दुनिया के लोग सीखना चाहते हैं उस
अनुपात में हम उन्हें विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं. यह काम भारत
सरकार और देश की अन्य शैक्षिक संस्थाओं को देखना चाहिए कि अगर कोई भी
हिंदी का बारे में जाना और समझना चाहता है तो हम उसके लिए हर संभव मदद
उपलब्ध कराएँ. भाषा से जुड़ा मसला ऐसा होता है कि अगर कोई विशेष भाषा
बोलने और समझने वाला देश अपने यहाँ से इसके विशेषज्ञों को नहीं भेजे तो
उस विशेष भाषा का कोई महत्त्व नहीं रह जाता है. संसाधनों के अभाव में जो
लोग इसे सीखना भी चाहेंगे वे भी कुछ नहीं सीख पाएँगे. देश को अब यह समझना
ही होगा कि भाषा को फैलाने के लिए अब हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा
क्योंकि हमारे बिना कोई और क्यों हिंदी के लिए आगे आना चाहेगा ?
        अब भी समय है कि भारतीय मेधा का लोहा मानने वाली दुनिया को यह
भी दिखा देना चाहिए कि हम अपनी भाषा को पूरे विश्व की भाषा बनाने के लिए
कृत संकल्पित हैं. हम अब इस बात को दिखा देंगे कि दुनिया में कोई भी देश
अगर हिंदी सीखना चाहता है तो वह हमारे साथ आ जाये हर स्तर पर हम उनकी मदद
कर भाषाई ज्ञान को बढ़ाने में पूरी मदद करने वाले हैं. भले ही संयुक्त
राष्ट्र ने हिंदी को अपनी भाषाई सूची में कोई स्थान नहीं दिया हो पर अब
हम इसे यह स्थान दिलाकर रहेंगे.


सौजन्य से 

http://seedhikharibaat.blogspot.com/2010/09/blog-post_26.html


Wednesday, September 22, 2010

लोग मीडिया को सुनकर ही अपनी भाषा बनाते हैं- राहुल देव


मेरे हिसाब से हिंदी केवल विचारकों और कवियों की ही भाषा नहीं बल्कि यह भाषा हर किसी की रही है। यह जीवन के हर क्षेत्र की भाषा रही है। अगर कोई ऐसा बोलता है कि हिंदी केवल विचारकों और कवियों की भाषा रही है तो मैं तो यहीं कहूंगा कि वो लोग अज्ञानी है, वे सब मूर्खतापूर्ण बातें करते हैं। जिसकी सोच सीमित है वही इस तरह की बातें कर सकता है। बात चाहे अखबारों की हो या टेलीविजन न्यूज चैनलों की जिस तरीके से मीडिया में हिंदी के शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है, वह हिंदी भाषा के लिए नुकसानदायक ही है। कुछ शब्द जो हिंदी के कठीन हैं उन्हें बेशक अंग्रेजी में आसान करके इस्तेमाल कर सकते हैं लेकिन जो हिंदी का शब्द आसान है उसमें बिना किसी मतलब के अंग्रेजी को घुसा दिया जाता है वो गलत है। हिंदी में अंग्रेजी डाली जा रही है। असावधान और अज्ञानी लोग ही भाषा का नुकसान कर रहे हैं। लोग मीडिया को सुनकर ही अपनी भाषा बनाते हैं। जैसी भृष्ट भाषा होगी वैसे ही भृष्ट दिमाग बनेंगे। दिनों-दिन हो रहे ऐसे प्रयोगों से हिंदी पर असर तो जरूर पड़ेगा। अगर आप साफ-सुथरी और आसान हिंदी बोलते हैं तो लोगों को लगता है कि कुछ गड़बड़ है, कुछ अटपटा सा लगेगा। क्योंकि हिंदी सुनने का अभ्यास कम होने लगा है। हिंदी कठिन लगने लगी है। हिंदी कमजोर पड़ रही है और इसे कमजोर किया जा रहा है। अगर हिंदी के महत्व की बात करें तो आज़ादी के बाद से हिंदी का महत्व बढ़ा है, बढ़ रहा है, बढ़ता रहेगा और बढ़ना भी चाहिए। हिंदी को मजबूत करने क लिए सरकार को बहुत प्रयास करने होंगे। सरकार को चाहिए की वो प्राथमिक शिक्षा में माध्यम के तौर पर मातृभाषाओं को बनाए रखे। अगर प्राथमिक शिक्षा में मातृ भाषाओं को निकाल दिया गया तो केवल हिंदी ही नहीं बल्कि भारत की अन्य क्षेत्रिय भाषाओं को भी अंग्रेजी के हाथों बिकने से कोई नहीं रोक सकता।

राहुल देव, सीईओ और एडिटर-इन-चीफ, सीएनईबी

हिंदी को मार्केट की भाषा बनाना होगा- हरिवंश


 दरअसल देखा जाए तो यह बात तो बिल्कुल सही है कि हिंदी कवियों और विचारकों की भाषा बन गई है। ये बात पूरी तरह से सही दिखाई दे रही है। दुनिया बदली है। आज का जमाना बहुत ज्यादा एडवांस है। आज का जमाना टेक्नोलॉजी का जमाना है। लेकिन हिंदी को इस लायक विकसित नहीं किया गया कि वो आज के जमाने की भाषा बन सके। हिंदी को कारोबार की भाषा बनाना होगा। लेकिन हिंदी भाषा को लेकर ऐसे कोई भी प्रयास नहीं किए गए हैं। देखिए 1598 में जब भारत में गुजरात के नजदीक डच व्यापार करने आए तो उन्होंने डच और हिंदी की डिक्शनरी निकाली। उस वक्त ये कारोबार की भाषा थी। ये आजादी के समय में सामाजिक परिवर्तन की भाषा थी इसलिए यह उस समय मजबूत थी, लेकिन अभी यह कारोबार या सामाजिक परिवर्तन की भाषा नहीं रही है। आजादी के बाद इसे दोनों भूमिकाओं से अलग कर दिया गया है। अगर गैर हिंदी क्षेत्रों को देखा जाए तो ये राज्य कितने आगे निकल गए हैं। लेकिन ऐसा नहीं है कि उनकी अपनी क्षेत्रिय भाषा कमजोर पड़ गई हो। उनकी अपनी क्षेत्रिय भाषा भी उतनी ही मजबूत होती जा रही है, बंगाल को देखो बांग्ला भाषा कितनी मजबूत हो गई है और वो कितनी आगे निकल गई है। तमिल को देखें तो विश्व स्तर पर तमिल भाषा में उनके अधिवेशन होते हैं। और उन अधिवेशनों में दुनिया भर के लोग आते हैं। ऐसा वहां पर क्यों है? क्योंकि उन्होंने अपनी भाषा को मजबूत किया है। लेकिन हिंदी में उसका उल्टा है हिंदी के कवि चाहतें है कि उन्हें पुरस्कार मिले, हिंदी के विचारक सोंचते हैं कि उन्हें भी कोई इनाम मिलें लेकिन बाकी भाषाओं के लोग ऐसा नहीं सोचते।  
हकीकत मे देखा जाए तो हिंदी को कारोबार की भाषा बनाने की कोशिश ही नहीं की गई। जैसा आपने कहा कि कई हिंदी अखबार हिंग्लीश का प्रयोग कर रहे हैं तो वे अखबार आम बोलचाल की भाषा के शब्द इस्तेमाल कर रहे हैं तो ठीक है लेकिन जबरदस्ती से किसी अंग्रेजी के शब्दों को हिंदी में घुसा देना हिंदी की छवि के उल्टा होगा। आज के समय मे अंग्रेजी संस्कृति में रहने वाले, अंग्रेजी का प्रचार करने वाले हिंदी दिवस मना रहे हैं। ये हिंदी दिवस इसलिए नहीं मना रहे कि वो हिंदी से प्यार करते हैं या हिंदी का प्रचार करना चाहते हैं बल्कि वो हिंदी से पैसा कमाना चाहते हैं। ऐसा करने से हिंदी के अस्तित्व पर असर तो पड़ेगा लेकिन हिंदी को ज्यादा बड़ा खतरा नहीं है, हिंदी आने वाले दिनों में मजबूत होगी। क्योंकि उदारीकरण की भी एक सीमा है। दुनिया के तीन चौथाई लोग अंग्रेजी के बाहर रहते हैं उनकी भाषा अंग्रेजी नहीं हो सकती। इसलिए आशा है कि आने वाले सालों में हिंदी और भी 
ज्यादा मजबूत होगी।

हरिवंश, ग्रुप एडिटर, प्रभात खबर 



साभार - 

हिंदी को और ज्यादा आसान बनाने की जरूरत है - सुधीर चौधरी

मैं पूरी तरह से सहमत हूं कि हिंदी केवल कवियों और विचारकों की भाषा बनकर रह गई है। इसी वजह से आज यह नौबत आई है कि आज हम हिंदी दिवस मना रहे हैं। 365 दिनों में से एक दिन हम हिंदी के बारे में बात करते हैं। फिर लोग कहते हैं कि हिंदी हमारी मातृभाषा है। मेरा कहना है कि हिंदी की इस दशा के जिम्मेदार हिंदी के ठेकेदार ही हैं। उन्होंने हिंदी को इतना मुश्किल बना दिया है कि वो हिंदी आम बोलचाल की भाषा हो ही नहीं सकती। हिंदी को आम बोलचाल की भाषा होना जरूरी है। इसे और ज्यादा आसान करना बहुत जरूरी है। हिंदी कवियों और सरकार ने हिंदी भाषा को कल्ष्टि भाषा बना दिया है। यह केवल ज्ञानी और विद्वानों की भाषा बनकर रह गई है। लेकिन इसे आज की पीढ़ी की भाषा बनाने के लिए इसे कुछ ज्यादा आसान बनाने की जरूरत है। हिंदी को वक्त के साथ बदलने की जरूरत है। हिंदी भाषा को बदलना ही होगा। मीडिया के द्वारा जो हिंदी भाषा के शब्दों का प्रयोग करके हिंदी को और ज्यादा आसान बनाया जा रहा है। ऐसे शब्दों का प्रयोग करके मीडिया हिंदी का सरलिकरण कर रही है। मैं इन शब्दों के प्रयोग से पूरे तरीक से सहमत हूं। लोग जिस तरह हिंदी को स्वीकार करें उसी तरह से पेश करना चाहिए। लोग जिस तरह से सुनना बोलना चाहे उसी तरह से हिंदी को पेश किया जाना चाहिए, इससे हिंदी का प्रचार हो रहा है और हिंदी आसान हो रही है। हिंदी भाषा को खुलना होगा। इसे मार्केट की भाषा बनना होगा। जब तक यह भाषा नहीं खुनेगी तब तक इसे परेशानी होती रहेगी। आज के समय में हिंदी बोलने और सुनने वालों की संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। लेकिन जो प्रोफेसर और कवियों वाली हिंदी है उसको बोलने और सुनने वाले कम हुए हैं। हिंदी में जो बदलाव हुए हैं वो मुझे स्वीकार हैं क्योंकि बदलाव प्रकृति का नियम है। जो चीजें पहले थीं वो अब वैसी नहीं रही हैं। जो कपड़े आज से दस साल पहले पहनते थे वो आज नहीं पहनते, 1970 में जो फिल्में बनती थी वो 1990 में नहीं बनी और 1990 में बनने वाली फिल्में आज नहीं बन रही हैं। अंग्रेजी में बदलाव हुआ है। हर चीज में बदलाव हुआ हैं खेल में बदलाव हुआ हैं। हिंदी को भी बदलना होगा। और हिंदी भाषा में रोजना जो नए प्रयोग किए जा रहे हैं उनका हिंदी भाषा पर असर बहुत अच्छा पड़ेगा। इससे हिंदी की पहुंच बहुत सारे लोगों तक हो सकती है। चाहे उसे अपनी दिशा बदलनी पड़े। मेरा मानना है कि ऐसे प्रयोगों से हिंदी मजबूत होगी। इसका महत्व बढ़ेगा। सरकार को चाहिए कि हिंदी भाषा को पाठ्यक्रम की भाषा से हटाकर आम बोलचाल की भाषा बनाने का प्रयास करे। इसे एकेडमिक भाषा से आम बोलचाल की भाषा बनाना होगा। जनता जैसा सुनना चाहती है जैसा बोलना चाहती है उसे करने दें। आज देखा जाए तो सरकार की नीतिओं में भी हिंदी एकेडमिक भाषा बनकर रह गई है।


सुधीर चौधरी, सीईओ और एडिटर-इन-चीफ, लाइव इंडिया और मी-मराठी




साभार - 


अखबार समाज का आईना है, इसकी भाषा भी समाज की है - श्रवण गर्ग

 देश के दस प्रमुख अखबारों में नौ भाषा के अखबार टॉप टेन लिस्ट में शामिल हैं। जिसमें हिंदी के पांच अखबार और अंग्रजी का सिर्फ एक अखबार है वो भी 8वें नंबर पर, जब हिंदी अखबारों की रीडरशिप इतनी ज्यादा बढ रही है तो हिंदी सिर्फ कवियों की भाषा कैसे हो सकती है। जबकि रीडरशिप सर्वे के अनुसार हिंदी अखबारों की रीडरशिप 50 करोड़ से भी ज्यादा है।

अखबार हिंगलिश भाषा का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं कर रहे हैं, बल्कि अखबार उस भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं जिस भाषा का इस्तेमाल आज का युवा बिजनेस में कर रहा है, पढ़ाई के दौरान करता है और जिस भाषा को युवा एसएमएस में इस्तेमाल करते है. जब अखबार आम इंसान का आइना होता है तो यह आम लोगों की भाषा से अलग कैसे हो सकता है।
परिवर्तन से किसी को कभी कोई खतरा नहीं होता है, बल्कि खतरा उन लोगों को या उन चीजो को होता है जो परिवर्तन की हिस्सा नहीं बन पाते हैं। हां, अगर हम यह कहे कि क्लिस्ट भाषा या कठिन भाषा के अस्तित्व को खतरा है तो यह कहीं न कही सच है। जब तक चीजें समय के साथ नहीं बदलेंगी तब तक उनको खतरा है। दुनिया भर में बदलाब की बयार चल रही है तो अगर यह परिवर्तन भारत में हो रहा है तो क्या गलत है।
  


लेखक श्रवण गर्ग ,दैनिक भास्कर  के समूह संपादक हैं 

साभार - 

भाषा फ्रिज में जमा हुआ पानी नहीं है- शशि शेखर


आजकल हिंदी भाषा मात्र कवियों और विचारकों की भाषा बनकर रह गई है, मैं इस बात से बिल्कुल सहमत नहीं हूं और मुझे नहीं मालूम यह किसका तर्क है। क्योंकि हिंदी से कविताएं या तो पलायन के कगार पर हैं या हो रही हैं। हिंदी भाषा में जो सबसे बड़ा बदलाव आ रहा है वो हिंदी भाषा का एसएमएसीकरण से हो रहा है। क्योंकि इस भाषा में शब्दों को इस तरह परोसा जाता है जिसके कारण उनका स्वरूप ही बदल जाता है। भाषा एक प्रवाह की तरह है यह फ्रिज में जमा हुआ पानी नहीं है। भारत का पहला हिंदी न्यूज चैनल आज तक जिसने सफलता के मुकाम को छुआ था वो गुजरात में भी नंबर एक पोजीशन पर है। जम्मू में सबसे ज्यादा हिंदी के अखबारों को प्रमुखता दी जाती है। पंजाब में भी हिंदी अखबारों की यही स्थिति है। अगर कोई हिंदी में होने वाले परिवर्तन को लेकर, हिंदी के अस्तित्व पर सवाल उठा रहा है तो वह सिर्फ कट्टरता फैलाकर उसका लाभ उठा रहा है।
लेखक शशि शेखर,हिंदुस्तान अखबार के संपदक हैं 

साभार - 

Tuesday, September 21, 2010

'धूप-छाँव' का सतरंगी आयोजन

रामपुर, उत्तरप्रदेश में जन्म, दिल्लीविवि में एमए तथा रोहतक विवि से
बीएड। ब्रेललिपि में महारत हासिल। अटलांटा में पार्ट टाइम नौकरी के अलावा
हिंदी शिक्षण। अटलांटा में चल रहा धूप-छाँव नाट्‍य संगठन इन्हीं के दिमाग
की उपज है।
जीवन सुख-दु:ख का खेल है और हर क्षण उसका रूप बदलता रहता है। इस विचार को
विविध तरीके से आगे बढ़ा रहा है हिन्दी नाट्‍य संगठन धूप-छाँव। संगठन के
आयोजनों में नृत्य नाटिका, कव्वाली, नाटक, साक्षात्कार, कविता, गीत आदि
विभिन्न ‍विधाओं का सम्मिश्रण होता है।
गत दिनों एमरी विश्वविद्यालय में संगठन ने ऐसा ही एक खुशनुमा आयोजन
संपन्न किया। उल्लेखनीय है कि 'धूप-छाँव' नामक यह संगठन नवप्रयोगों के
मार्फत न सिर्फ मनोरंजन प्रदान करता है ‍बल्कि विवादों से परे रहकर
रचना‍धर्मिता को भी बढ़ावा देता है। 'धूप-छाँव' का एक उद्देश्य हिंदी
बचाओ अभियान भी है।
रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे कलाकारों ने ढोल-नगाड़े बजाकर और
संगठन की सबसे बुजुर्ग सदस्य सुदर्शन बाहरी ने दीप जलाकर की। इसके बाद
जीवन के तीन पड़ाव दिखाकर संगठन के नाम धूप-छाँव को नए अंदाज में सार्थक
किया गया। बुढ़ापा, जवानी और बचपन के प्रतीकों के जरिए अपनी जड़ों को नमन
किया गया।दूसरा कार्यक्रम था- 'हम लाए हैं उस देश से यार जाँ निकाल के'।
कलाकार थे सुपर्णा पाठक, ज्योति प्रकाश, वंदना टाँटिया, गुरपदेश बेदी,
आद्या खन्ना और नीलाँक पाठक। संगीत दिया था राजन शर्मा व विजय टंडन ने।
गायकी मंडली में श्याम तिवारी, तृप्ता शर्मा, अनिल भगत, सुपर्णा पाठक
शामिल थे।
अब वह दिन दूर नहीं जब भाजी-तरकारी तो मिलें स्टोर में और दुकान वाला
आपसे सब्जी का ब्रांड पूछे और मोबाइल फोन मिलें गली-मोहल्लों में ठेलों
पर तो कैसा लगेगा, ये ही था 'इस झलकी में' जिसमें भाग लिया विकास खन्ना व
कमलेश चुग ने। इसे लिखा था संध्या भगत ने।
भारत के बनारस शहर में बसा एक परिवार मध्यम आय वाले परिवार की जीवन शैली
बताता है और हर हाल में खुश रहना चाहता है। ' लागा चुनरी में दाग' फिल्म
के गीत नृत्य के जरिए इसे प्रस्तुत किया गया। भाग लेने वाले थे- एमिली
पॉलकॉफ, अद्रिता खन्ना, डॉली पटेल, नेहा सक्सेना और लक्ष्मी चंद्रशेखर।
इसके बाद व्यंग्य नाटिका 'नकल करो पर अकल से' प्रस्तुत की गई। इसमें धोबी
बने परेश जैन, घर की मालकिन बनीं रेनु कुमार। उनका बेटा तनिष्क जैन।
आधुनिक धोबी बने शाज उस्मानी और मालकिन बनीं तौसीफ चौधरी। बेटी बनीं
सौम्या खन्ना। इसे लिखा था संध्या भगत ने।
व्यंग्यात्मक साक्षात्कार कार्यक्रम 'काफी विद रोमा' ने भी खूब हँसाया।
यह कार्यक्रम संगठन के मुख्य उद्देश्य 'हिंदी बचाओ अभियान' पर सटीक
निशाना था।
साक्षात्कारकर्ता थीं मंजु तिवारी। सुपर फिल्म स्टार सलमान कपूर बने खगेश
पाठक। हँसी से ओत-प्रोत कव्वाली 'कव्वाल अटलांटा वाले' में अमेरिकी रंग
में रंगते जाते भारत, पाकिस्तान व अन्य देशों से आए लोगों की दास्तान थी।
भाग लेने वाले कव्वाल थे हारमोनियम पर राजन शर्मा, तबले पर विजय टंडन।
कलाकार थे तलत अल्वी, तृप्ता शर्मा, विजय खन्ना, आसिफ फरुखी, वीना
काटदरे, रेनु कुमार, गुरुपदेश बेदी, मनजीत बेदी, निहित तिवारी, हेमा जैन
और कमलेश चुग। पुरानी धुन को नए शब्दों में पिरोया संध्या भगत ने।

इसके बाद हिंदी के प्रसिद्ध लेखक के.पी. सक्सेना द्वारा लिखित नाटक पर
आधारित मनोरंजक नाटिका 'लालटेन की वापिसी' प्रस्तुत की गई। इसमें भाग
लिया नीमा पटेल, सीमा सक्सेना, तराना विज, अनुज जैन, विजय गौड़ ने। इसके
बाद नुक्कड़ नाटक 'जमूरा उस्ताद' अमेरिका में आकर बसे देसियों की दस खास
बातें, प्रस्तुत किया जमूरा आसिफ फरूखी और उस्तान नवीन त्यागी ने। साथी
कलाकार थे हेमा जैन, तनिष्क जैन, विजय गौड़, महा फरूखी और गुरुपदेश बेदी।

अपनी साझी बने इस संदेश को पेश किया गया एक हास्य नाटक 'गड़बड़झाला' से।
कलाकार थे- परेश जैन, डॉली पटेल, एमिली पॉलकॉफ, लक्ष्मी चंद्रशेखर, वीणा
कातदरे, सरिता खन्ना, ज्योति डांडोना, मनोजकुमार, तृप्ता शर्मा व संध्या
भगत ने। का र्यक्रम का समापन 'होली के रंग' कार्यक्रम से हुआ। फिर आई
प्रेमी युगल की नटखट होली जिसमें भाग लिया तराना विज और रफीक बाचा ने।

माइक संयोजन का काम माधव कातदरे और आशाकुमार ने संभाला। मंच सज्जा व मंच
के पीछे का कार्य संभाला सदफ़ फरूखी व साथी चिंती बाली, बिमल पाठक व विजय
टंडन ने। स्वागत कार्तिकेय भगत, निहित तिवारी, अंकित तिवारी व अनिल नागर
ने किया। भोजन व्यवस्था श्याम तिवारी ने संभाली। रोशनी व्यवस्था अनिल भगत
की थी। छायांकन अंजली कुमार का था। वीडियो निखिल डांडोना व अन्य का।
संगीत दिया गंधर्व भगत ने। मुख्य सूत्रधार थे मंजु तिवारी व असलम परवेज।

कार्यक्रम में दानकर्ता थे- मनोज कुमार गोविंद, विजय गौड़, कैलाश
खंडेलवाल, ललित ढींगरा, एमरी विश्वविद्यालय साउथ एशियन स्टडीज, कमलेश
चुग, वीणा कातदरे, रेनुकुमार, असलम परवेज, नीमा पटेल, विजय टंडन, सुपर्णा
पाठक, दिनेश पुरोहित, ज्योति सिन्हा, निशी शर्मा, मंजु तिवारी, तलत
अल्वी, अरुण मिश्रा और संध्या भगत।

उल्लेखनीय है कि कम दरों पर खाने की व्यवस्था करने के लिए एन्जी ब्रूवर,
जोयस फ्लूसिगर व दीपक बाहरी ने सहयोग दिया। इसके अलावा पाकिस्तानी व
भारतीय ग्रोसरी स्टोर्स ने अपने पोस्टर लगाकर सहयोग ‍प्रदान किया तथा
उत्साह बढ़ाया।


गर्भनाल से साभार 


सूचना के द्वारा - 
विजय कुमार मल्होत्रा
पूर्व निदेशक (राजभाषा),
रेल मंत्रालय,भारत सरकार